महुदा में बाइक चोरी: मैरेज हॉल के बाहर खड़ी ग्लैमर बाइक ले उड़े चोर

कार्यक्रम में शामिल होने गए युवक की बाइक गायब, पुलिस CCTV खंगालने में जुटी
धनबाद | बाघमारा (रिपोर्ट: सुल्तान खान)
धनबाद जिले के महुदा थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की एक और घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, महुदा स्थित मंगलम मैरेज हॉल के पास खड़ी एक ग्लैमर बाइक (नंबर: JH BV 2605) को अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया।
बताया जा रहा है कि कांड्रा बस्ती निवासी नूर मोहम्मद शेख अपनी बाइक को मैरेज हॉल के बाहर खड़ी कर एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे चोरों ने मौके का फायदा उठाया और बाइक लेकर फरार हो गए।
जब कार्यक्रम के बाद वे बाहर आए, तो बाइक गायब देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
घटना के बाद पीड़ित ने महुदा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में डर का माहौल है। उन्होंने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।