पूर्वी टुंडी पुलिस की बड़ी कामयाबी: फिल्मी अंदाज में पीछा कर बाइक चोर गिरफ्तार, बोकारो से चोरी की अपाचे बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कटिहार का शातिर अपराधी दबोचा गया, झारखंड-बिहार में फैला था चोरी का नेटवर्क
धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी नीतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तड़के एक अंतर्राज्यीय बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बोकारो से चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल, मास्टर की और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस टीम रात्रि गश्ती पर थी। इसी दौरान गोविंदपुर की ओर से आ रही एक संदिग्ध अपाचे बाइक (JH 09AT 0525) को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया।
कुछ दूर पीछा करने के बाद आरोपी पोखरिया मोड़ के पास बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा। हालांकि, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे झाड़ियों से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नेहाल कुमार यादव (निवासी जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार, बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने उक्त मोटरसाइकिल बोकारो से चोरी की थी और उसे बिहार ले जाकर बेचने की योजना थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले बिहार में सक्रिय था, लेकिन अब झारखंड के विभिन्न जिलों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगा था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की अपाचे बाइक, मास्टर की और GIVA कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद किया है।
इस मामले में पूर्वी टुंडी थाना में कांड संख्या 27/26 के तहत BNS की धारा 2003(2) और 317(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।