मेयर-विधायक का अपमान? आमंत्रण रद्द होते ही भड़के समर्थक, DRM का पुतला दहन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : मेयर और विधायक के आमंत्रण रद्द किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। झरिया के बाद मंगलवार को रणधीर वर्मा चौक पर समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा, जहां धनबाद डीआरएम का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान “डीआरएम हाय-हाय” और “सांसद संजीव सिंह होश में आओ” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। समर्थकों ने आरोप लगाया कि पहले कार्यक्रम के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया गया, बैनर-पोस्टर में मेयर और विधायक का नाम प्रकाशित किया गया, लेकिन बाद में अचानक नाम हटाकर आमंत्रण रद्द कर दिया गया — जो जनप्रतिनिधियों का सीधा अपमान है।

प्रदर्शन में मेयर संजीव सिंह और झरिया विधायक रागिनी सिंह के समर्थकों ने इसे सिर्फ नेताओं का नहीं, बल्कि धनबाद की जनता के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इधर, झरिया विधायक रागिनी सिंह ने पूरे मामले की शिकायत ई-मेल के माध्यम से रेल मंत्री को भेजते हुए जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना के बाद धनबाद का राजनीतिक माहौल गरमा गया है और अलग-अलग संगठनों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।