उपायुक्त व एसएसपी ने मॉडर्न रिकॉर्ड रूम के अतिरिक्त कक्ष का किया उद्घाटन, दशकों तक सुरक्षित रहेंगे रिकॉर्ड

जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने अनुमंडल कार्यालय स्थित मॉडर्न रिकॉर्ड रूम के अतिरिक्त कक्ष का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि राज्य सरकार की पहल पर पुराने समाहरणालय भवन के ग्राउंड फ्लोर में एक बड़े हॉल का जीर्णोद्धार कर इस मॉडर्न रिकॉर्ड रूम का विस्तार किया गया है।
इस नए कक्ष में जमीन से जुड़े मामलों सहित विभिन्न न्यायालयों—सिविल कोर्ट, उपायुक्त न्यायालय, अपर समाहर्ता, अनुमंडल, डीसीएलआर, डीएलएओ और सभी अंचलों के कोर्ट के रिकॉर्ड को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहले जगह की कमी के कारण रिकॉर्ड रखने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब स्टेनलेस स्टील के आधुनिक रैक लगाए गए हैं और हर न्यायालय के लिए अलग-अलग रैक निर्धारित किए गए हैं। इससे रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर आसानी से खोजा भी जा सकेगा।
इस मौके पर अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, नजारत उप समाहर्ता दीपक कुमार दुबे, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह समेत कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस पहल से न सिर्फ प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी, बल्कि आने वाले दशकों तक महत्वपूर्ण रिकॉर्ड सुरक्षित रह सकेंगे।