कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक सस्पेंड, शिकायतों और बढ़ते अपराध पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राँची। राजधानी राँची के कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक को सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और क्षेत्र में बढ़ते अपराध को देखते हुए की गई है।
राँची के एसएसपी राकेश रंजन ने मामले की जांच के बाद यह सख्त कदम उठाया। जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर प्रकाश रजक के खिलाफ कई गंभीर आरोप सामने आ रहे थे। उन पर जमीन कारोबारियों और दलालों से साठगांठ कर अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप था।
स्थानीय लोगों और पीड़ितों द्वारा इसकी लगातार शिकायत की जा रही थी। इसी बीच कांके थाना क्षेत्र में अपराध की घटनाएं भी बढ़ती जा रही थीं, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे।
हाल ही में सुकुरहुट्टू गांव में अपराधियों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी और एक घर में घुसकर फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इसके अगले ही दिन बोड़ेया स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय में चोरी और तोड़फोड़ की घटना सामने आई।
मामला तब और गंभीर हो गया जब एक आदिवासी महिला ने थानेदार के खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर कर दी। महिला ने न्याय की मांग करते हुए थानेदार पर गंभीर आरोप लगाए।
लगातार बढ़ते दबाव और शिकायतों को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने पूरे मामले की जांच कराई और रिपोर्ट राँची जोनल आईजी को भेजी। आईजी के आदेश मिलते ही प्रकाश रजक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि कानून और नियमों के तहत किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।