धनबाद पुलिस को मिले नए वाहन, डीसी और एसएसपी ने दिखाई हरी झंडी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से झारखंड सरकार की ओर से धनबाद पुलिस को नए वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को विभिन्न थानों के लिए रवाना किया।

पुलिस विभाग को कुल 40 चार पहिया और 45 दो पहिया वाहन मिले हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी वाहनों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद इन्हें जिले के अलग-अलग थानों को सौंप दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की गश्ती व्यवस्था और भी मजबूत होगी। इससे अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस को काफी मदद मिलेगी। अब किसी भी सूचना मिलने पर पुलिस तेजी से घटनास्थल तक पहुंच सकेगी।
इस कार्यक्रम में एसीपी, डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर और विभिन्न थानों के थाना प्रभारी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इसे जिले में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम बताया।