धनबाद में शिक्षक समस्याओं को लेकर डीएसई से मिला प्राथमिक शिक्षक संघ, जल्द समाधान का आश्वासन

धनबाद : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ जिला इकाई धनबाद के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार भगत के नेतृत्व में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार (14 मार्च 2026) को जिला शिक्षा अधीक्षक आयुष कुमार से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर वार्ता की गई। बैठक में शिक्षकों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं, जिस पर डीएसई ने शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैठक में संघ की ओर से निम्नलिखित मांगें प्रमुख रूप से रखी गईं—

1. परिवहन भत्ता भुगतान:

नगर निगम क्षेत्र से 8 किलोमीटर की दूरी पर पदस्थापित शिक्षकों को परिवहन भत्ता का भुगतान संबंधित शिक्षकों से शपथ पत्र लेकर करने की मांग की गई। इस पर डीएसई ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिया।

2. सहायक आचार्य का वेतन भुगतान व जीपीएफ खाता:

वर्ष 2025 में नियुक्त सहायक आचार्यों के वेतन भुगतान के लिए भी शिक्षकों से शपथ पत्र लेकर प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई। साथ ही जीपीएफ खाता खोलने के लिए विशेष कैंप लगाने की मांग की गई। डीएसई ने बताया कि इस संबंध में आगामी सप्ताह में पत्र जारी किया जाएगा, जिसके बाद सहायक आचार्यों की सेवा पुस्तिका भी खोली जाएगी।

3. सीपीडी प्रशिक्षण से जुड़े टीए बिल का समाधान:

रांची में आयोजित सीपीडी प्रशिक्षण के टीए बिल वाउचर जमा करने में आ रही समस्याओं को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त कर जल्द समाधान कराने की मांग भी संघ की ओर से रखी गई।

4. शिक्षक सम्मान एवं विदाई समारोह:

संघ ने विभाग से यह भी मांग की कि जिला स्तर पर प्रत्येक वर्ष शिक्षक सम्मान एवं सेवानिवृत्ति पर विदाई समारोह का आयोजन किया जाए।

इस मौके पर जिला महासचिव सियाराम प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष संजीव कुमार, नीरज कुमार मिश्र, संयुक्त सचिव राजीव कुमार, दिनेश राम, उपकोषाध्यक्ष राजू प्रसाद साव तथा धनबाद-2 से सुनील कुमार राय सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।

About Author

error: Content is protected !!