कतरास थाना को मिला नया प्रभारी, प्रवीण कुमार ने संभाली कमान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कतरास (धनबाद): धनबाद जिले के कतरास थाना में नए थाना प्रभारी के रूप में प्रवीण कुमार ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने सबसे पहले थाना परिसर का निरीक्षण किया और पुलिस पदाधिकारियों व जवानों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली।
बैठक के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके।