बोकारो : तनिष्क शोरूम लूटकांड में बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड अभी फरार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बोकारो के सिटी सेंटर मार्केट स्थित तनिष्क शोरूम में 11 जनवरी 2026 को दिनदहाड़े हुई लूट की कोशिश मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड अभी भी फरार है।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि घटना के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम का नेतृत्व सिटी DSP आलोक रंजन कर रहे हैं।
पुलिस टीम ने इससे पहले प्रिंस कुमार और शमशाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, हाल ही में पंकज को बेंगलुरु और शुभम कुमार को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बोकारो लाकर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और लूट में इस्तेमाल की गई अपाची मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
एसपी हरविंदर सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। शुभम पर चार और पंकज पर दो आपराधिक मामले बिहार के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। शुभम पर पुलिस पर हमला करने का मामला भी दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह का मास्टरमाइंड और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।