उत्तम नगर हत्या मामला: आरोपी के घर पर चला बुलडोजर, MCD की बड़ी कार्रवाई
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दिल्ली: राजधानी के उत्तम नगर में होली के दिन हुए युवक की हत्या मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली नगर निगम (MCD) की टीम बुलडोजर लेकर आरोपी के घर पहुंची और अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक एक नाबालिग सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि आगे की जांच जारी है।
अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
8 मार्च को MCD की टीम आरोपी निजामुद्दीन से जुड़ी संपत्ति पर बुलडोजर लेकर पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान घर में अवैध निर्माण पाए गए थे, जिसके बाद इसे तोड़ने की कार्रवाई की गई।
स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
होली के दिन गुब्बारे से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, यह पूरा विवाद होली के दिन पानी का गुब्बारा फेंकने से शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि एक बच्चे ने दूसरे समुदाय की महिला पर पानी का गुब्बारा फेंक दिया, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग सड़क पर उतर आए। इसके बाद झगड़ा हिंसक हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में 8 लोग घायल हो गए थे।
इलाज के दौरान हुई तरुण की मौत
मारपीट में 26 वर्षीय तरुण गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शुरुआत में पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 110 और 3(5) के तहत दर्ज किया था। हालांकि तरुण की मौत के बाद धारा 103(1) (हत्या) भी FIR में जोड़ दी गई है।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।