केंदुआडीह मोड़ पर सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी कार, पति-पत्नी गंभीर घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गिरिडीह: जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र स्थित केंदुआडीह मोड़ के पास शुक्रवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे कार सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार चालक सामने से अचानक आ रहे ट्रक को देखकर घबरा गया और ब्रेक लगा दिया। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए पीरटांड़ थाना प्रभारी दीपेश कुमार ने बताया कि हादसे में घायल पति-पत्नी को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेज दिया गया है और उनका इलाज जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि केंदुआडीह मोड़ पर तेज रफ्तार और तीखे मोड़ के कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेत और अन्य सुरक्षा उपाय लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।