पेड़ से लटके मिले प्रेमी-प्रेमिका, पूरे इलाके में सनसनी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गोमिया प्रखंड के मुरपा गांव में एक पेड़ से प्रेमी-प्रेमिका के शव लटके मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना चतरो चट्टी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे, तभी गांव से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ से दोनों के शव फंदे से लटके हुए दिखाई दिए। यह दृश्य देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतकों की पहचान सावित्री कुमारी (निवासी मुरपा गांव) और फूलचंद मांझी (निवासी डुमरिया टांड़, विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वे शादी करना चाहते थे।
परिजनों के अनुसार, दोनों परिवारों को इस रिश्ते की जानकारी थी। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी के लिए करीब एक साल का समय मांगा था। हालांकि गांव के कुछ लोगों का कहना है कि दोनों जल्द शादी करने की जिद पर अड़े हुए थे।
बताया जा रहा है कि होली से एक दिन पहले दोनों मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने दो दिनों तक रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इसी बीच शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास पेड़ से लटके दोनों शव देखे, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतार लिया।
इस मामले में चतरो चट्टी थाना प्रभारी शशि शेखर ने बताया कि फिलहाल घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।