झारखंड में बड़ा खदान हादसा: जामताड़ा के पलास्थली में सुरंग धंसी, 8 लोगों के दबे होने की आशंका

जामताड़ा (झारखंड):

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

झारखंड के जामताड़ा जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। जिले के नाला थाना क्षेत्र अंतर्गत पलास्थली गांव में बंद पड़ी कोयला खदान में अवैध खनन के दौरान अचानक सुरंग (चाल) धंस गई। इस हादसे में कम से कम 8 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

अवैध खुदाई के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंद खदान में कुछ लोग अवैध रूप से कोयला निकाल रहे थे। इसी दौरान अंदर की सुरंग अचानक भरभराकर गिर पड़ी। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

राहत और बचाव कार्य जारी

सूचना मिलते ही नाला थाना पुलिस, जिला प्रशासन और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की टीम मौके पर पहुंच गई। मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरा बचाव अभियान समाप्त नहीं हो जाता, तब तक दबे लोगों की स्थिति के बारे में कुछ स्पष्ट कहना संभव नहीं है।

प्रशासन सतर्क, जांच के संकेत

प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कर दिया है। अवैध खनन को लेकर भी जांच के संकेत दिए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंद खदानों में अक्सर चोरी-छिपे खनन की गतिविधियां चलती रहती हैं, जिससे इस तरह के हादसे होने का खतरा बना रहता है।

फिलहाल, सभी की निगाहें राहत कार्य पर टिकी हैं।

प्रशासन की कोशिश है कि जल्द से जल्द मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला जा सके।

About Author

error: Content is protected !!