जामताड़ा में वर्दी का रौब पड़ा भारी: टोटो चालक से मारपीट के आरोप में ASI निलंबित

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जामताड़ा (झारखंड): वर्दी का रौब दिखाकर एक बेकसूर टोटो चालक के साथ मारपीट करना एक ASI को महंगा पड़ गया। 24 फरवरी को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जामताड़ा पुलिस अधीक्षक ने आरोपी ASI सुधीर कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी को ASI सुधीर कुमार सिंह बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन से जामताड़ा बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बिना किसी ठोस कारण के एक टोटो चालक को रोका और कथित रूप से अभद्र व्यवहार करते हुए अपनी वर्दी का धौंस दिखाकर उसकी पिटाई कर दी।

घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों में आक्रोश देखा गया और पुलिस के आचरण पर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जामताड़ा एसपी ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच के बाद आरोपी ASI को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और दोषी पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About Author

error: Content is protected !!