गिरिडीह में नगर निकाय चुनाव के बाद हिंसा, पाँच आरोपी गिरफ्तार — देसी पिस्टल व कारतूस बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गिरिडीह : नगर निकाय चुनाव 2026 के मतदान के बाद हुई हिंसक घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 23 फरवरी की शाम करीब 5:30 बजे वार्ड संख्या 18 स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, आजाद नगर अनुसूचित टोला के मतदान केंद्र के समीप हुई, जहाँ किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट और पत्थरबाजी में बदल गया।


घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुँचे तथा स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया गया। इसी दौरान भीड़ में शामिल किसी व्यक्ति द्वारा गोली चलाने की घटना सामने आई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। घायलों मोहम्मद शमीम और मो. शेरू को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
मामले में प्राप्त आवेदन के आधार पर पचंबा थाना में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। घायल मोहम्मद शमीम और मो. शेरू के संबंध में रबिना खातून के बयान पर अलग-अलग कांड दर्ज किए गए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में चार अलग-अलग टीमों का गठन कर तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान शिवम कुमार श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद, अमित विश्वकर्मा, आकाश हांडी, मंजीत पासवान और किशोर पासवान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 7.65 एमएम का देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस तथा दो खोखा बरामद किया गया है। बरामद सामान को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस पूरे मामले की जानकारी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त रामनिवास यादव और एसपी डॉ. विमल कुमार ने दी। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि चुनावी हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।