कतरास में आउटसोर्सिंग खदान में बड़ा हादसा: सर्विस वैन गहरी खाई में गिरी, तीन कर्मी घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कतरास : भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) क्षेत्र संख्या 3 अंतर्गत कैलूडीह, कतरास में संचालित एसटीजी डेको आउटसोर्सिंग परियोजना में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। कार्य के दौरान एक सर्विस वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में वाहन पर सवार तीन कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद श्रमिकों और प्रबंधन टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, हालांकि प्रबंधन का दावा है कि सभी खतरे से बाहर हैं और उन्हें आंशिक चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि जिस मार्ग से सर्विस वैन गुजर रही थी, वह काफी जर्जर और खतरनाक था। आशंका जताई जा रही है कि रास्ते की खराब स्थिति के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे खाई में गिर गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि आउटसोर्सिंग कंपनियां सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर उत्पादन कार्य कराती हैं। खासकर महानिदेशालय खान सुरक्षा (DGMS) के नियमों का पालन नहीं होने से इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 5 सितंबर 2025 को कतरास के अंगारपथरा स्थित अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग परियोजना में भी एक सर्विस वैन करीब 400 फीट गहरी खदान में गिर गई थी, जिसमें छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई थी। उस घटना के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे।
फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है और श्रमिकों में आक्रोश देखा जा रहा है। एक बार फिर खदानों में सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है।