कतरास में होटल पर हंगामा, देह व्यापार के आरोप में 8 लोग हिरासत में
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!श्यामडीह स्थित “आश्रय” होटल सह फैमिली रेस्टोरेंट पर अवैध गतिविधियों का आरोप, पुलिस जांच जारी
कतरास/धनबाद: धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामडीह स्थित हीरक रोड पर एक होटल के बाहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब ग्रामीणों ने होटल में कथित देह व्यापार संचालित होने का आरोप लगाया। मामला बाघमारा अनुमंडल क्षेत्र का बताया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि “आश्रय” नामक होटल सह फैमिली रेस्टोरेंट में पिछले कई दिनों से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। इस संबंध में बाघमारा एसडीपीओ सहित संबंधित विभागों को लिखित शिकायत भी दी गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।
पुलिस ने 8 लोगों को लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही कतरास पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने होटल परिसर से 4 युवक और 4 युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना ले गई।
थाना प्रभारी असित कुमार सिंह ने बताया कि संदिग्ध परिस्थिति की सूचना पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों की ओर से आदित्य राय ने आरोपों को दोहराते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।