जनवरी अपराध समीक्षा में धनबाद पुलिस की बड़ी सफलता, दर्ज मामलों से अधिक कांडों का निष्पादन

जनवरी अपराध समीक्षा में धनबाद पुलिस की बड़ी सफलता, दर्ज मामलों से अधिक कांडों का निष्पादन

एसएसपी प्रभात कुमार का सख्त निर्देश—एक हफ्ते में वारंट-कुर्की निपटाएं, नगर निकाय चुनाव से पहले रोज चलेगा एंटी क्राइम अभियान

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद पुलिस ने जनवरी 2026 की अपराध समीक्षा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन तथा आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर सुरक्षा तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।

दर्ज से अधिक मामलों का निष्पादन
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जनवरी माह में जिले में कुल 522 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि पुलिस ने 625 मामलों का सफल निष्पादन किया। दर्ज मामलों से अधिक निष्पादन के चलते जिले में लंबित मामलों की संख्या घटकर लगभग दो हजार रह गई है। एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने इसे पुलिस की सक्रियता और प्रभावी रणनीति का परिणाम बताया।

वारंट-कुर्की मामलों पर सख्ती
एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित वारंट एवं कुर्की से जुड़े मामलों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कानून का भय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

सर्विलांस से अपराधियों पर पैनी नजर
अपराध नियंत्रण को और मजबूत करने के उद्देश्य से जिले के 950 सक्रिय अपराधियों को सर्विलांस पर रखा गया है। साथ ही पिछले पांच वर्षों में जमानत पर रिहा हुए करीब चार हजार अपराधियों की गतिविधियों पर भी तकनीकी निगरानी तेज कर दी गई है। पुनः अपराध में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

नगर निकाय चुनाव को लेकर हाई अलर्ट
आगामी नगर निकाय चुनाव को देखते हुए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया। सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी, हुड़दंग और शराब सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

सड़क हादसों पर विशेष ट्रैफिक ब्लू प्रिंट
बैठक में बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए एसएसपी ने जीटी रोड पर विशेष ट्रैफिक ब्लू प्रिंट लागू करने का निर्देश दिया। ओवरस्पीडिंग, लापरवाही और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में ग्रामीण एसपी श्री कपील चौधरी, सिटी एसपी श्री ऋतविक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस श्री अंकित सिन्हा समेत सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित रहे।

About Author

error: Content is protected !!