दामोदर नदी में द्वितीय विश्वयुद्ध के दो जिंदा मोर्टार शेल बरामद, इलाके में हड़कंप
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बांकुड़ा जिले के सोनमुखी थाना क्षेत्र अंतर्गत दामोदर नदी के डिहीपाड़ा बालू घाट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रेत खनन के दौरान द्वितीय विश्वयुद्ध काल के दो जिंदा मोर्टार शेल बरामद किए गए।
बताया जा रहा है कि दामोदर नदी का जलस्तर कम होने के कारण ये शक्तिशाली विस्फोटक रेत के नीचे से बाहर आ गए। मोर्टार शेल देखते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सोनमुखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया गया। एहतियातन आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, बरामद दोनों मोर्टार शेल अब भी सक्रिय अवस्था में हो सकते हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेना और बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) को बुलाया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इस इलाके में कई बार पुराने विस्फोटक मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल सुरक्षा घेरा बनाकर विशेषज्ञों का इंतजार किया जा रहा है, ताकि नियंत्रित विस्फोट के जरिए इन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया जा सके।