बुदबुद थाना के नए OC मनोरंजन मंडल के घर ED की छापेमारी, अवैध कोयला तस्करी मामले में जांच तेज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!दुर्गापुर
पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुदबुद पुलिस स्टेशन के नए ओसी मनोरंजन मंडल के आवास पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई अवैध कोयला तस्करी और इससे जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, ED की टीम ने मंगलवार सुबह से ही जिले के विभिन्न इलाकों में एक साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। इस दौरान कई कोयला कारोबारियों और संदिग्ध ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है। मनोरंजन मंडल के आवास से महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय कागजात खंगाले जा रहे हैं।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उनके आवास के बाहर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पूरे इलाके में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि मनोरंजन मंडल को कुछ माह पहले निलंबित किया गया था, बाद में उन्हें आसनसोल–दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल ब्रांच में तैनात किया गया। हाल ही में उन्हें बुदबुद पुलिस स्टेशन का ओसी नियुक्त किया गया था। नई नियुक्ति के बाद यह उनके खिलाफ पहली बड़ी केंद्रीय जांच मानी जा रही है।
हालांकि, अब तक प्रवर्तन निदेशालय की ओर से इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई कोयला और रेत से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध लेन–देन की जांच से जुड़ी है।
इस पूरे मामले पर आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।