निरसा में बड़ी पुलिस कार्रवाई: ब्राउन शुगर व देसी पिस्टल के साथ शाहरुख गिरफ्तार, साथी फरार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद/निरसा : निरसा अनुमंडल पुलिस ने 17/18 जनवरी 2026 की रात विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान चिरकुंडा थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल (नंबर JH-10BY-8197) पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर एक युवक को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिबलीबाड़ी, रहमत नगर निवासी अजहरुद्दीन अंसारी उर्फ शाहरुख (उम्र लगभग 28 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान बाबू खान उर्फ शमशेर खान के रूप में की गई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और लगभग 1.40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। मोटरसाइकिल व जब्त सामान के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस संबंध में चिरकुंडा थाना कांड संख्या 21/2026 के तहत NDPS एक्ट एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।