स्नान करती महिला का वीडियो बनाता युवक गिरफ्तार, लोगों ने रंगे हाथ पकड़कर की पिटाई
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में शुक्रवार को एक शर्मनाक और मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। गायनी विभाग के महिला शौचालय में नहा रही एक महिला मरीज का चोरी-छिपे वीडियो बना रहे युवक को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने मौके पर ही युवक की जमकर पिटाई कर दी, बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
आरोपी की पहचान अजीत राम (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गोविंदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह धनबाद के बिनोद नगर में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता है और बरवाअड्डा स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। आरोपी जिस बाइक से अस्पताल पहुंचा था, उसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी पहले से ही महिला शौचालय में छिपकर बैठा था। जैसे ही महिला मरीज स्नान करने गई, उसने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। महिला की नजर पड़ते ही उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद मरीजों के परिजन और अस्पताल कर्मी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर सरायढेला पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस मोबाइल फोन की जांच सहित पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
इस घटना के बाद एसएनएमएमसीएच की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, खासकर महिला मरीजों की सुरक्षा को लेकर।