संजीव सिंह ने मजदूरों की समस्याओं को लेकर लोदना क्षेत्रीय कार्यालय में GM से की अहम वार्ता
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
NT/ST रेलवे साइडिंग मजदूरों की 9 सूत्री मांगों पर बनी समिति
लोदना (धनबाद): लोदना क्षेत्र संख्या–10 अंतर्गत भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (भा.को.को.लि.) के क्षेत्रीय कार्यालय में मजदूरों की समस्याओं को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में मजदूर नेता संजीव सिंह ने असंगठित मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए महाप्रबंधक (GM) से विस्तारपूर्वक वार्ता की।
यह बैठक NT/ST 6 नंबर एवं 9 नंबर रेलवे साइडिंग में कार्यरत असंगठित मजदूरों की 9 सूत्री मांगों को लेकर सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। बैठक के बाद मांगों पर गंभीरता से विचार करने के लिए एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।

संजीव सिंह ने मजदूरों की जिन प्रमुख समस्याओं को GM के समक्ष रखा, उनमें—
C.M.P.F. की बकाया राशि जमा करना
वेतन में बढ़ोतरी
समय पर वेतन भुगतान
वेतन पर्ची उपलब्ध कराना
कटे हुए हाजिरी का भुगतान
स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करना
हटाए गए मजदूरों को पुनः कार्य पर लेना
मजदूरों का स्थायीकरण
सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना एवं प्रदूषण पर रोक
जैसी मांगें शामिल रहीं। प्रबंधन की ओर से इन सभी बिंदुओं पर सकारात्मक सहमति जताई गई।

बैठक से पूर्व संजीव सिंह, महाप्रबंधक एवं एरिया मैनेजर के साथ क्षेत्र में हो रहे गैस रिसाव स्थल का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया गया कि बहुत जल्द उनका विस्थापन किया जाएगा तथा उनकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
इस वार्ता को लोदना क्षेत्र के मजदूरों के हित में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक कदम माना जा रहा है।