तेज रफ्तार कार ने मचाया कहर, महिला और 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के सत्यम नगर स्थित धनबाद–बरवाअड्डा मुख्य सड़क पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे एक महिला और 25 वर्षीय युवक को एक अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार बिजली के पोल से जा टकराई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना में घायल युवक की पहचान रफीक अंसारी (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि महिला की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति में थी और चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों घायल कई फीट दूर जा गिरे।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सड़क से उठाया और एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
परिजनों ने हादसे के लिए कार चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार (JH10CW-2386) को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।