दिल्ली ब्लास्ट के बाद धनबाद पुलिस अलर्ट, झारखंड-बंगाल बॉर्डर पर चलाया जा रहा विशेष जांच अभियान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद धनबाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। होटल, लॉज, रैन बसेरा से लेकर मुख्य सड़कों तक पुलिस की विशेष जांच जारी है।

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर बुधवार को मैथन स्थित डीबूडी चेक पोस्ट पर झारखंड-पश्चिम बंगाल बॉर्डर पर गहन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पश्चिम बंगाल की ओर से आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की गई। दोपहिया वाहनों की डिक्की से लेकर चारपहिया वाहनों के कागजात तक को खंगाला गया।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि सामान्य दिनों में भी यहां जांच होती है, लेकिन दिल्ली ब्लास्ट के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान और सघन कर दिया गया है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि दिल्ली धमाके के बाद मिले निर्देशों के अनुसार जिले के सभी थाना प्रभारियों, डीएसपी और ट्रैफिक पुलिस को अतिरिक्त चौकसी के आदेश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों पर लंबे समय से खड़े वाहनों की जांच कर हटाया जा रहा है, वहीं होटल, लॉज और रैन बसेरों में भी सर्च ऑपरेशन चल रहा है। इसके साथ ही जिले की सीमाओं पर विशेष वाहन जांच अभियान जारी रहेगा।