तालाब में बर्तन धो रही महिला पर सियार का हमला, महिला घायल — ग्रामीणों ने सियार को मार डाला
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद | पूर्वी टुंडी: धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी अंचल के रघुनाथपुर पंचायत अंतर्गत नूतनडीह गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव की आदिवासी महिला समरी टुडू तालाब में बर्तन धो रही थी, तभी अचानक एक जंगली सियार (लोमड़ी) ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद सियार को पकड़कर मार डाला। घायल महिला को 108 एंबुलेंस के जरिए बेहतर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से इलाके में सियारों का आतंक बढ़ गया है। कई मवेशियों और मुर्गियों पर हमले हो चुके हैं, जिससे गांव में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है — पहले भी ऐसे जंगली जानवर गांव में घुसकर नुकसान पहुंचा चुके हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में नियमित गश्त कराई जाए और ऐसे जंगली जानवरों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की जाए, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।