मुनीडीह में गोलीकांड – इंदू आउटसोर्सिंग के वाइस प्रेसिडेंट घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद के मुनीडीह क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े बड़ा हमला हुआ है। बीसीसीएल के मुनीडीह क्षेत्र में काम करने वाली इंदू आउटसोर्सिंग कंपनी के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट गोपाल रेड्डी को अज्ञात अपराधी ने गोली मार दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना मुनीडीह ओपी क्षेत्र के काली मंदिर के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, गोपाल रेड्डी पूजा करने के बाद अपनी कार (JH10D-7785) से आवास के लिए निकल रहे थे। तभी हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार करीब 25 वर्षीय युवक ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
पहली गोली कार के अगले हिस्से में जा फंसी, जबकि दूसरी गोली कार के पिछले दरवाजे को छेदते हुए सीधे गोपाल रेड्डी की जांघ में लगी।
गोली लगते ही उनके चालक ने तुरंत उन्हें आवास पहुंचाया और वहां से एंबुलेंस से असर्फी अस्पताल धनबाद ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मुनीडीह ओपी और पुटकी थाना पुलिस हरकत में आई और हमलावर की तलाश में छानबीन शुरू कर दी। काली मंदिर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधी की पहचान की जा सके।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही इंदू आउटसोर्सिंग कंपनी के कई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर और अस्पताल पहुंच गए।