तेतुलमारी में अवैध कोयला खनन के खिलाफ बवाल, झाड़ू लेकर सड़क पर उतरे लोग
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद। जिले के बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत तेतुलमारी थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह मोड़ पर मंगलवार को अवैध कोयला खनन के खिलाफ ज़बरदस्त बवाल देखने को मिला। सोनारबस्ती के सैकड़ों महिला-पुरुष हाथों में झाड़ू लेकर सड़क पर उतर आए और जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने सिजुआ-राजगंज मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और प्रशासन विरोधी नारेबाज़ी करते हुए अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की।
आक्रोशित भीड़ के तेवर इतने उग्र थे कि तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक चौधरी समेत मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की भी एक न चली। लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे और किसी भी प्रकार की सुनवाई करने से इनकार कर दिया।
महिलाएं हाथों में झाड़ू लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रही थीं, वहीं पुलिस लगातार लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास करती रही। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और आवागमन पूरी तरह से बाधित रहा।