बोकारो : जमीन विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस पर हमला – सब इंस्पेक्टर की फटी वर्दी, माथा फूटा, 11 नामजद, 50 अज्ञात पर केस दर्ज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बोकारो ज़िले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कालापत्थर गांव में जमीन विवाद को लेकर शुक्रवार को बड़ा बवाल हो गया।
विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर ही दोनों गुटों ने हमला बोल दिया।

हमले में सब-इंस्पेक्टर मकसूद आलम की वर्दी फट गई और सिर पर चोट लगने से उनका माथा फूट गया। इसके अलावा कुछ अन्य पुलिस कर्मी भी घायल हुए।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद शर्मा और गोराई समुदाय के बीच जमीन को लेकर है। जमीन पर पहले से ही कोर्ट में मामला विचाराधीन है, बावजूद इसके दोनों पक्ष आपसी वर्चस्व को लेकर भिड़ गए।
सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो भीड़ ने पुलिस पर ही धावा बोल दिया।
चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घटना में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों को नामजद और लगभग 50 अज्ञात व्यक्तियों पर केस दर्ज किया है।