बाघमारा : खेती योग्य भूमि पर विस्थापन का ग्रामीणों ने किया विरोध
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बाघमारा : ग्रामीण एकता मंच नगरीकला के आह्वान पर बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण तेतुलमुड़ी पहुंचे। ग्रामीणों को सूचना मिली थी कि बीसीसीएल प्रबंधन एवं राजस्व कर्मचारी आज उक्त स्थल पर पहुंचकर भूमि मापन करेंगे। लेकिन न तो बीसीसीएल का कोई पदाधिकारी और न ही राज्य सरकार का कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि पर मापन की बात कही जा रही है, वह पूरी तरह से खेती योग्य है। फिलहाल यहां धान की फसल लगी हुई है। ऐसे में बीसीसीएल का तेतुलमुड़ी बस्ती के लोगों को इस भूमि पर विस्थापित करना पूरी तरह गलत है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि विस्थापन करना ही है, तो बीसीसीएल को ऐसे स्थल का चयन करना चाहिए जहां खेती नहीं होती हो। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर खेती योग्य भूमि पर किसी तरह का विस्थापन थोपने की कोशिश की गई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे।
ग्रामीणों ने यहां तक कहा कि अगर बीसीसीएल प्रबंधन रांची के रिम्स-2 जैसी घटना की पुनरावृत्ति करना चाहता है, तो उन्हें इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।