गिरिडीह में दर्दनाक हादसा : तालाब में गिरी वरना कार, युवती की मौत – युवक की तलाश जारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गिरिडीह : जिले में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। गिरिडीह–देवघर मुख्य मार्ग पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के करणपुरा के पास एक तेज़ रफ्तार वरना कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक की तलाश अभी भी जारी है।
सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और तालाब में छलांग लगाकर स्थानीय लोगों की मदद से कार का शीशा तोड़कर युवती को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान पचंबा टीवी सेंटर रोड निवासी संजय सिन्हा की पुत्री कोमल कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार कोमल रांची में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थी और कुछ दिन पहले ही घर लौटी थी। रविवार को अपने एक साथी के साथ लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हुआ।
हादसे की खबर मिलते ही सदर अस्पताल में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। वहीं, पुलिस युवक की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार कौन चला रहा था। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।