सीएम ने पिता शिबू सोरेन का दशकर्म पूरा किया, 16 अगस्त को होगा संस्कार भोज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दिशोम गुरु, झारखंड के जनक और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. शिबू सोरेन के श्राद्ध-कर्म का दशकर्म संस्कार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को बड़का नाला घाट पर आदिवासी पारंपरिक विधि-विधान से पूरा किया। इस दौरान परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और समाज के कई लोग मौजूद रहे।
संस्कार के अगले चरण में 16 अगस्त को संस्कार भोज का आयोजन होगा। इस भोज में न सिर्फ झारखंड बल्कि देश के कई विशिष्ट और अतिविशिष्ट लोगों के शामिल होने की संभावना है। राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक जगत की कई हस्तियां इस अवसर पर उपस्थित रहेंगी।
प्रशासन ने इस बड़े आयोजन के लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं। वाहनों की पार्किंग व्यवस्था के लिए लुकैयाटांड से लेकर कई स्थलों को चिह्नित किया गया है। भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लुकैयाटांड में तीन हेलीपैड तैयार किए गए हैं, जबकि चौथा हेलीपैड स्व. शिबू सोरेन के पैतृक आवास के सामने बनाया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी मेहमानों को सुविधा मिल सके।