टुंडी, धनबाद।
धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत कट्निया पंचायत के आसान डाबर स्थित लालमणि वृद्धा आश्रम में सोमवार को एक भावनात्मक और सामाजिक संदेश से परिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आश्रम के संस्थापक स्व. मनोरंजन कुमार की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण करना था।
99 ग्रुप के संचालक श्याम पांडेय ने संस्थापक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अनावरण किया और कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर आश्रम में रह रहे वृद्धजनों को ससम्मान भोजन परोसा गया, जिसकी व्यवस्था स्व. मनोरंजन कुमार की पत्नी व अन्य परिजनों ने की थी।
कार्यक्रम में संस्था से जुड़े कई सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने हाथों से वृद्धजनों को भोजन परोसकर सेवा भावना का परिचय दिया। यह आश्रम स्व. मनोरंजन कुमार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिन्होंने एक गांव में ऐसा केंद्र स्थापित कर समाज में इंसानियत और सेवा का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।
संस्था के अध्यक्ष नोसाद गद्दी ने भावुक होते हुए कहा, “आज के समय में लोग अपने बूढ़े मां-बाप को अकेला छोड़ देते हैं, सालों तक देखने तक नहीं आते। ऐसे लोगों को समाज में कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए। आश्रम ऐसे परित्यक्त वृद्धों के लिए एक आश्रय बना हुआ है।”
लालमणि वृद्धा आश्रम न केवल बुजुर्गों को छत देता है, बल्कि उन्हें सम्मान, देखभाल और प्यार भी प्रदान करता है। कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों ने आश्रम की सोच और कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।
रिपोर्टर – बलराम भंडारी
स्थान – टुंडी,
धनबाद (झारखंड)