मुहर्रम को लेकर प्रशासन सख्त, गड़बड़ी करने वालों को दी चेतावनी

मुहर्रम को लेकर प्रशासन सख्त, गड़बड़ी करने वालों को दी चेतावनी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: मुहर्रम को लेकर न्यू टाउन हॉल में बुधवार को जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार समेत सभी संबंधित पदाधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अखाड़ा दलों को निर्धारित रूट और समय का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी जुलूस के पूर्व रूट का भौतिक सत्यापन अवश्य करें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार का दुष्प्रचार, अफवाह या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या फिर पुलिस कंट्रोल रूम नंबर – 03262311217, 9262998499, 8210840901 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि माननीय उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार जिले में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही ताजिया की ऊंचाई भी सीमित रखने की अपील की गई ताकि रास्ते में किसी तरह की रुकावट या हादसा न हो।

एसएसपी ने सभी अखाड़ा दलों को निर्देश दिया कि आयोजन समिति जुलूस में शामिल होने वालों को पहचान पत्र जारी करे और पूरे जुलूस की वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराए। साथ ही, उन्होंने खतरनाक स्टंट से परहेज करने की भी अपील की।

बैठक में ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, प्रभारी एडीएम हेमा प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी उपस्थित रहे।

About Author

error: Content is protected !!