Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गिरिडीह, 1 जुलाई — गिरिडीह जिले के डुमरी मुख्य पथ पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक तेज़ रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए बराकर नदी में जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रेलर पुल पर से सीधे नदी में समा गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों की तत्परता से ट्रेलर चालक को नदी के तेज बहाव से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। फिलहाल ट्रेलर को नदी से बाहर निकालने का प्रयास जारी है। इस दुर्घटना के कारण डुमरी मुख्य मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज़ रफ्तार और वाहन पर से नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है।
– संवाददाता