राज्य में खुदरा शराब की दुकानों का हस्तांतरण 1 से 5 जुलाई तक, बिक्री रहेगी बाधित
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!झारखंड में खुदरा शराब की दुकानों के संचालन को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राज्य भर में खुदरा शराब दुकानों का हस्तांतरण एक जुलाई से शुरू होकर पांच जुलाई तक चलेगा। इस अवधि में उन दुकानों से शराब की बिक्री नहीं होगी, जिनमें हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही होगी। हालांकि जिन दुकानों में यह प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, वहां बिक्री जारी रहेगी। इस बारे में उत्पाद विभाग ने जानकारी दी है।
उल्लेखनीय है कि अब तक राज्य में शराब की खुदरा बिक्री प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से की जा रही थी। लेकिन वर्तमान नीति के अनुसार, 30 जून तक ही इन एजेंसियों को संचालन की अनुमति है। इसके बाद एक जुलाई से दुकानों का हस्तांतरण झारखंड स्टेट बिवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCL) को किया जाएगा।
इस प्रक्रिया के दौरान शराब बिक्री कम से कम तीन दिनों तक प्रभावित रहने की संभावना है। राज्य में इस समय कुल 1453 खुदरा शराब दुकानें संचालित हो रही हैं।
उत्पाद विभाग ने इस प्रक्रिया के लिए वित्त विभाग से ऑडिटर की मांग की थी। वित्त विभाग ने लेखा जोखा तैयार करने के लिए ऑडिटर की टीम उपलब्ध करा दी है। हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद खुदरा बिक्री को लेकर नए दिशा-निर्देश भी विभाग द्वारा जारी किए जाएंगे।