लोयाबाद: बासदेवपुर कोलियरी से दो दिनों में 10 डी-वाटरिंग पाइप चोरी, कॉलोनी में पानी की किल्लत
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
लोयाबाद थाना क्षेत्र के बासदेवपुर कोलियरी में चोरों ने दो रातों में मिलाकर कुल 10 डी-वाटरिंग पाइप चोरी कर लिए। रविवार रात 4 पाइप और सोमवार रात 6 पाइप चोरी की गई हैं। ये पाइप करीब 6 इंच मोटी और 20 फीट लंबी थीं, जिनकी कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
ये सभी पाइप माइंस से पानी निकालने यानी डी-वाटरिंग के लिए लगाई गई थीं। साथ ही, इन्हीं पाइपों के जरिए कॉलोनी में पीट वाटर सप्लाई भी की जाती थी। चोरी की वजह से अब माइंस का पानी निकालने का काम रुक गया है और कॉलोनी में पानी की किल्लत हो गई है।
कोलियरी प्रबंधन का कहना है कि पाइप जिस जगह लगे थे, वहां आसपास जंगल और झाड़ियां हैं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। घटना की लिखित शिकायत केंदुआडीह थाना में दर्ज कराई गई है।
सोमवार को चोरी की जानकारी मिलते ही जब प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची, तो वहां अपराधियों ने उन्हें घेरने की कोशिश की। हालांकि समय पर क्यूआरटी टीम पहुंच गई, जिससे आरोपी भाग गए। मौके से एक ऑक्सीजन सिलेंडर और पांच लीटर का एलपीजी गैस सिलेंडर भी बरामद किया गया है।
कोलियरी के कुछ मजदूरों ने बताया कि इस तरह की अपराध और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे काम करने में डर और परेशानी होती है।
📌 प्रबंधन का बयान
“घटना जंगल के रास्ते में हुई है। जोरिया में जाने वाले डी-वाटरिंग पाइप को चोर उठा ले गए हैं। थाना में शिकायत दे दी गई है।”
– संतोष चौधरी, मैनेजर, बासदेवपुर कोलियरी