धनबाद। IIT आईएसएम धनबाद के स्टूडेंट सड़क हादसे में घायल हो गये हैं। हादसा उस वक्त हुआ, जब स्टूडेंट की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। जानकारी के मुताबिक एमबीए प्रथम वर्ष के 10 विद्यार्थी 14 मार्च की रात सिक्किम में हुए सड़क हादसे में घायल हो गए। इस घटना में तीन स्टूडेंट को गंभीर चोटें आयी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!यह सड़क हादसा उत्तर सिक्किम के मंगन जिले के पेक्शेप क्षेत्र के जंगल में शुक्रवार की रात को हुआ था। आईआईटी आईएसएम धनबाद के छह छात्र और चार छात्राएं एक वाहन से लाचुंग से गंगटोक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी रात करीब 9:30 बजे असंतुलित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में गिर गयी। इससे 10 छात्र घायल हो गए। हादसे में ड्राइवर भी घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि बिना इजाजत के ये सभी स्टूडेंट टूर पर गये थे। संस्थान प्रशासन ने यह जांच शुरू कर दी है कि छात्र किन परिस्थितियों में सिक्किम घूमने गये थे। बताया जा रहा है कि ये सभी विद्यार्थी अपने-अपने वार्डन को सूचना दिये बगैर सिक्किम गए थे। इस कारण उनके वापस लौटने के बाद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
मिली जानकारी के मुताबिक घायलों को गंगटोक के एसटीएनएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का इलाज मंगन के एक स्थानीय अस्पताल में किया गया। संस्थान के अनुसार ये सभी विद्यार्थी आईआईटी आईएसएम के एमबीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और होली की चार दिनों (13 से 16 मार्च) की छुट्टियों में सिक्किम घूमने गए थे।