घुसपैठियों ने झारखंडियों का रोजगार छीना, जमीन लूटी- मोदी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!देवघर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों ने झारखंडियों का हक मारा, उनका रोजगार छीना और जमीन छीनी. प्रधानमंत्री बुधवार को देवघर जिले के सारठ में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कांग्रेस, झामुमो व राजद को खूब खरीखोटी सुनाई. बांग्लादेशी घुसपैठ पर हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा. कहा कि संथालपरगना क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठ दिन पर दिन बढ़ती जा रही है. यह हेमंत सोरेन सरकार के इशारे पर हो रहा है. झारखंडी गौरव झारखंड की पहचान है. अगर ये खत्म हो जाएगी तो क्या होगा. संथाल परगना में आदिवासियों की संख्या घटकर आधी हो गई है. झारखंड के जल-जंगल और जमीन पर दूसरे कब्जा कर रहे हैं. जेएमएम-कांग्रेस सरकार घुसपैठियों को यहां का परमानेंट निवासी बनाने के लिए हर गलत काम किए हैं. जनता इसे समझ गई है और इस बार विधानसभा चुनाव में झारखंड से झामुमो व कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस जाति के आधार पर लोगों को बांटने का काम कर रही है. कांग्रेस के इरादे बेहद खतरनाक हैं. कई जातियों के नाम गिनाते हुए कहा कि ये सभी ओबीसी हैं. लेकिन कांग्रेस इन्हें आपस में लड़ना चाहती है. वह चाहती है कि आदिवासी आपस में लड़ जाएं. राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि कांग्रेस के शहजादे ने साफ कर दिया है कि वो एससी, एसटी व ओबीसी का आरक्षण खत्म करना चाहते हैं।
झारखंड को संवारेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी ने झारखंड बनाया और हम ही इस संवारेंगे. झारखंड की ऊर्जा से पूरा देश रोशन हो रहा है. मेरा सपना है कि झारखंड देश के आग्रिम राज्यों में खड़ा हो. आज झारखंड में मतदान हो रहा है. हर बूथ पर रोटी-बेटी और माटी बचाने का संकल्प दिख रहा है. उन्होंने कहा कि जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी वालों को सिर्फ अपने परिवार की चिंता है. ये इसी तिकड़म में रहते हैं कि इनके परिवार का भला कैसे हो. लेकिन मोदी आपके परिवार की चिंता करता है. इन लोगों ने आपका जल लूटा, जंगल लूटा, जमीन लूटी, बालू-गिट्टी लूटा, कोयला लूटा. पीएम ने पेपर लीक पर हेमंत सरकार को घेरते हुए कहा कि इन लोगों ने आपके बच्चों का पेपर लूटा है. सरकारी नौकरी लूट कर अपने चहेतों को दे दी।