कई दिग्गजों ने किया मतदान, लोगों से भी की अपील : झारखंड विस चुनाव

Ranchi: झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 43 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गयी है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी. झारखंडवासियों में लोकतंत्र के महापर्व को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है. मतदाता सुबह से ही कतारबद्ध होकर मतदान कर रहे हैं. झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. संतोष गंगवार ने  रांची स्थित श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान के मतदान केंद्र पर मतदान किया. साथ गी उन्होंने सभी मतदाताओं से वोट करने की अपील की. उन्होंने एक्स पर फोटो शेयर करते हुए लिखा कि सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अपने मताधिकार का अवश्य उपयोग करें.

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

राजधानी जैसी नहीं लगती रांची : महुआ माझी 

रांची से झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) प्रत्याशी महुआ माझी ने भी सुबह-सुबह मतदान किया. साथ ही उन्होंने रांची विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट करने की अपील की. उन्होंने कहा कि मैं शहर का विकास करना चाहती हूं. इस राज्य का विकास हो. झारखंड की राजधानी रांची को राजधानी बनाना चाहती हूं. रांची कही से भी राजधानी नहीं लगती. हमें एक मौका दीजिये, मैं इसे राजधानी में बदलना चाहती हूं. मेरे पास विभिन्न क्षेत्रों का अनुभव है. मैं बड़े विजन के साथ इस राज्य की और शहर के विकास में योगदान देना चाहती हूं, आपकी सेवा करना चाहती हूं. ताकि आप रोजमर्रा की जिंदगी में भी आप खुश रहे

भाजपा उम्मीदवार सी.पी. सिंह ने भी किया मतदान

रांची विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सी.पी. सिंह ने मतदान किया. मौके पर उन्होंने कहा कि मैंने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है. यह अधिकार के साथ-साथ कर्तव्य भी है. हर व्यक्ति को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए.

रक्षा राज्य मंत्री अपने मताधिकार का किया इस्तेमाल 

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. कहा कि झारखंड की जनता इन पांच सालों में भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी है. भाजपा यहां दो तिहाई बहुमत से जीतेगी. क्या झारखंड कोई धर्मशाला है, शरणार्थी केंद्र है? यहां बांग्लादेश से घुसपैठिए बुलाए जा रहे हैं… भाजपा ने संकल्प लिया है कि 24 नवंबर से बांग्लादेशी घुसपैठियों को चुन-चुन कर सीमा से बाहर किया जायेगा.कल यहां के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि ‘हिंदू कट्टरपंथी होता है’. वोट बैंक के लिए हिंदू धर्म को गाली देना उनकी परंपरा है.

कांग्रेस उम्मीदवार अजय कुमार और मुन्ना सिंह ने डाले वोट

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अजय कुमार ने मतदान किया. अजय कुमार ने कहा कि मैं जमशेदपुर की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं.. सब लोग अपने घर से बाहर निकलें और मतदान करें. हमें पूरा विश्वास है कि जमशेदपुर के मतदाता एक स्वच्छ छवि के व्यक्ति को चुनेंगे. वहीं हजारीबाग विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने वोट डाला. मौके पर उन्होंने कहा कि हजारीबाग के सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि हजारीबाग में विकास और खुशहाली लाने के लिए मतदान करें.

सिटी एसपी ने शांतिपूर्वक मतदान करने की अपील की

सिटी एसपी राज कुमार मेहता ने रांचीवासियों से मतदान करने की अपील की. उन्होंने कहा कि  रांची वासियों से यही संदेश है कि अपने मताधिकार का प्रयोग करें. हम चाहते हैं कि लोग शांतिपूर्वक मतदान करें. सुरक्षात्मक दृष्टि से ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है.

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने किया मतदान

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने जवाहर नगर स्थित एक मतदान केंद्र पर मतदान किया.

वर्तमान भ्रष्ट सरकार को हटाने के लिए एनडीए के पक्ष में करें मतदान : अन्नपूर्णा देवी

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कोडरमा में झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया. मौके पर उन्होंने कहा कि झारखंड में 43 सीटों पर मतदान हो रहा है. हमारी सभी से अपील है कि लोकतंत्र के महापर्व में जो पांच वर्ष में अवसर मिलता है, अपना प्रतिनिधि चुनने का वो चुनें… राज्य की खुशहाली, विकास, अपनी सरकार बनाने के लिए और वर्तमान भ्रष्ट सरकार को हटाने के लिए एनडीए के पक्ष में मतदान करें, यही हमारी अपील है.

 

About Author

error: Content is protected !!