Ranchi: भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है. इसी के साथ 15 अक्टूबर 2024 की शाम साढ़े तीन बजे से झारखंड में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई. निर्वाचन सदन धुर्वा में मीडिया को संबोधित करते हुए झारखंड मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे. मतगणना 23 नवंबर को होगी. पहले चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना 18 और दूसरे चरण की 22 अक्टूबर को जारी होगी. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करेगा. स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव हमारी प्राथमिकता होगी. शहरी क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत बढ़ाना भी हमारी प्राथमिकता सूची में है.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि पहले चरण में 43 विधानसभा क्षेत्रों में और दूसरे चरण में 38 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होंगे. पहले चरण के लिए नामांकन 25 अक्टूबर तक और दूसरे चरण के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर होगी. पहले चरण के नामांकनों की स्क्रूटनी 28 अक्टूबर और दूसरे चरण की स्क्रूटनी 30 अक्टूबर को होगी. उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के चुनाव को लेकर नाम वापसी की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर और दूसरे चरण के लिए नाम वापसी की अंतिम तिथि 01 नवंबर है. पूरी चुनावी प्रक्रिया 25 नवंबर को समाप्त हो जाएगी