
तिहाड़ से निकलकर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेरा हौसला तोड़ने के लिए उन्होंने मुझे जेल में डाला. लेकिन, मेरा हौसला पहले से कहीं अधिक हो गया है. जेल मुझे कमजोर नहीं कर सकती.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है. शुक्रवार को उन्हें तिहाड़ से रिहा किया गया. करीब 177 दिनों की जेल के बाद उनकी रिहाई हुई है. इस दौरान आम आदमी पार्टी के नेता और समर्थक ने भारी उत्साह दिखा. समर्थकों ने पटाखे जलाकर अपने नेता का स्वागत किया. जेल से रिहा होने के बाद केजरीवाल ने अपने समर्थकों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि जेल मुझे कमजोर नहीं कर सकती.
जेल मुझे कमजोर नहीं कर सकती- केजरीवाल
तिहाड़ जेल से बाहर निकलने के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने रोड शो किया. इस दौरान वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों से कहा कि मैं उन लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने मेरी रिहाई के लिए प्रार्थना की. केजरीवाल ने कहा कि मेरे खून का एक-एक कतरा देश के लिए समर्पित है. मैंने मुश्किलों का सामना किया, लेकिन भगवान ने हमेशा मेरा साथ दिया. केजरीवाल ने कहा कि मेरा हौसला तोड़ने के लिए उन्होंने मुझे जेल में डाला. लेकिन, मेरा हौसला पहले से कहीं अधिक हो गया है. जेल मुझे कमजोर नहीं कर सकती. उन्होंने कहा कि हमारे देश को कमजोर कर रही राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ लड़ाई जारी रखूंगा.
भगवान ने दिया मेरा साथ- केजरीवाल
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने तिहाड़ से बाहर आने के बाद कहा कि जेल की दीवारों ने मेरी हिम्मत को 100 गुना बढ़ा दिया है. उन्होंने कहा कि मेरा जीवन देश के लिए समर्पित है. मेरे खून की हर बूंद मेरे देश के लिए समर्पित है. भगवान ने हमेशा मेरा साथ दिया है. उन्होंने कहा कि भगवान ने मेरा इसलिए दिया क्योंकि मैं सच्चा था. मैं सही था. मैंने लोगों की सेवा की. मैंने देश के लिए लड़ाई लड़ी. इसलिए भगवान मेरे साथ हैं. वहीं, जेल से रिहा होने के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सिविल लाइन्स में चंदगीराम अखाड़े के पास रोड शो किया. इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी जेल मेरा हौसला नहीं तोड़ पाई.
राष्ट्रविरोधी ताकतों के खिलाफ लडना होगा- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने रिहाई के बाद कहा कि मैं उन देशवासियों का आभार जाहिर करता हूं जिन्होंने मेरी रिहाई के लिए प्रार्थना की. देश विरोधी ताकतें देश को कमजोर करना चाहते हैं. भारत को बांटना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि आज जजों को धमकी दी जा रही है. चुनाव आयोग को कमजोर करने के लिए कोशिश की जा रही है. हमें इसके खिलाफ लड़ना होगा. केजरीवाल ने कहा कि मेरी गलती यह नहीं है कि मैंने भ्रष्टाचार किया है, मेरी गलती यह है कि मैंने ऐसी राष्ट्रविरोधी ताकतों के खिलाफ लड़ाई लड़ी है.
कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की रिहाई के बाद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है. सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद केजरीवाल के समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की. सीएम अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के बाहर भी AAP कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े. बता दें, दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार के केजरीवाल को जमात े दिया है. इसके बाद उन्हें देर शाम तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया.
कई आप नेताओं ने किया स्वागत
शुक्रवार को जब केजरीवाल तिहाड़ से बाहर आए तो पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उनका स्वागत किया. बारिश के बीच एक ट्रक के ऊपर खड़े भगवंत मान, मनीष सिसोदिया समेत अन्य आप नेताओं ने जमकर नारे भी लगाए. समर्थकों ने जेल के ताले टूट गए, केजरीवाल छूट गए, भ्रष्टाचार का एक ही काल केजरीवाल… केजरीवाल जैसे नारे लगाए.