प्रेम विवाह से नाराजगी बनी हत्या की वजह, ससुर ने रची साजिश; युवती की सिर काटकर हत्या मामले में चार गिरफ्तार

प्रेम विवाह से नाराजगी बनी हत्या की वजह, ससुर ने रची साजिश; युवती की सिर काटकर हत्या मामले में चार गिरफ्तार

धनबाद: बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी पहाड़ी के पास 11 सितंबर को मिले युवती के सिर कटे शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या उसके प्रेम विवाह से नाराजगी के चलते साजिश रचकर की गई थी। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता समेत कुछ अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

11 सितंबर को मिला था सिर कटा शव

ढांगी पहाड़ी की तलहटी में 11 सितंबर को युवती का सिर कटा शव बरामद हुआ था। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बोरे में उसका सिर भी मिला था। जांच के दौरान मृतका की पहचान गिरिडीह जिले के बेगाबाद थाना क्षेत्र निवासी संदीप रवानी की पुत्री के रूप में हुई। वह 9 सितंबर से लापता थी। परिजनों की शिकायत पर बलियापुर थाना में कांड संख्या 155/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

प्रेम विवाह से नाराज था ससुर

पुलिस जांच में सामने आया कि युवती ने शीतलपुर निवासी कृष रवानी से प्रेम विवाह किया था। पुलिस के मुताबिक, यह विवाह कृष के पिता संतोष रवानी को मंजूर नहीं था। आरोप है कि इसी नाराजगी के चलते युवती को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई और योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से हुआ खुलासा

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। इसके आधार पर राजगंज निवासी जयराम रवानी, बलियापुर निवासी किशोर महतो, आलोमनी देवी और राम प्रसाद रजवार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल धारदार छुरा, मृतका की चप्पल और पूजा सामग्री भी बरामद की है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब मामले में फरार मुख्य साजिशकर्ता समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और आगे की जांच में हत्या की साजिश से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकता है।

About Author

error: Content is protected !!