Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रांची। झारखंड पुलिस महकमे से बेहद दुखद खबर सामने आई है। 2018 बैच की महिला दारोगा सुमित्रा कच्छप का रांची के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, सुमित्रा कच्छप की पोस्टिंग गिरिडीह जिला बल में थी। वर्तमान में उन्हें झारखंड हाई कोर्ट, रांची में गिरिडीह जिला बल की ओर से कोर्ट नोडल पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था।
बताया जा रहा है कि डिलीवरी के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
सुमित्रा कच्छप के निधन की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारियों, सहकर्मियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों ने उनके आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में याद किया तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
एक युवा महिला पुलिस अधिकारी का इस तरह असमय निधन झारखंड पुलिस परिवार के लिए गहरा आघात है। उनके निधन से पुलिस महकमे ने एक कर्मठ अधिकारी को खो दिया।