धनबाद के बेकार बांध तालाब में मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, कल दोपहर से था लापता

धनबाद के बेकार बांध तालाब में मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, कल दोपहर से था लापता

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: सदर थाना क्षेत्र के बेकार बांध तालाब में मंगलवार को एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तालाब में शव तैरता देखा, जिसके बाद पुलिस और वार्ड पार्षद को सूचना दी गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।


मृतक की पहचान दुर्गा मंदिर, बेकार बांध निवासी 50 वर्षीय राकेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, राकेश कुमार सिंह सोमवार दोपहर से ही घर से लापता थे। परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मंगलवार को तालाब में शव मिलने की सूचना मिली।
सूचना पर सदर थाना की गश्ती टीम और स्थानीय पार्षद अशोक पाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बताया गया कि राकेश कुमार सिंह अंडा और सब्जी की दुकान चलाते थे।
मृतक के चचेरे भाई वीर कुमार सिंह ने बताया कि राकेश की मानसिक स्थिति पिछले कई वर्षों से ठीक नहीं थी और उनका इलाज भी चल रहा था। परिवार के मुताबिक, वह करीब हर छह महीने में घर से चले जाते थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

 

About Author

error: Content is protected !!