चोरी की बाइक और देशी कट्टा के साथ छह युवक गिरफ्तार, हथियार उपलब्ध कराने वाला जग्गू पासवान भी पकड़ा गया
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद: धनसार थाना पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल छह युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, 3.15 एमएम का एक जिंदा कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिलों में से एक मटकुरिया इलाके से चोरी की गई थी। वहीं, हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में पुलिस ने जग्गू पासवान नामक एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की रात करीब 3:30 बजे धनसार थाना की गश्ती टीम कला संगम, मनईटांड़ के पास पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों पर तीन-तीन युवकों को सवार देखा। पुलिस वाहन को देखते ही सभी युवकों ने बाइक घुमाकर भागने का प्रयास किया।
गश्ती दल ने उनका पीछा किया और सीटी हॉक की मदद से गांधी नगर शिव मंदिर के पास घेराबंदी कर सभी छह युवकों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान मुकेश कुमार (25), मो. साकित हुसैन (23), किशन बास्फोड़ (22), बबलू यादव (19), नितीश कुमार (19) और आजाद आलम (23) के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आजाद आलम की कमर में खोसा हुआ एक देशी कट्टा बरामद किया गया। वहीं, मुकेश कुमार की पैंट की जेब से 3.15 एमएम का एक जिंदा कारतूस मिला।
पूछताछ में नितीश कुमार ने सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल संख्या JH10-BB9690 को अपना बताया। वहीं, हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या JH10-BS8371 के संबंध में पुलिस को बताया गया कि इसे पिछली रात मटकुरिया इलाके से चोरी किया गया था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की नीयत से घूमने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस अब दोनों मोटरसाइकिलों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।
हथियार के संबंध में पूछताछ करने पर आजाद आलम ने पुलिस को बताया कि देशी कट्टा उसे जग्गू पासवान से मिला था। इसके बाद पुलिस ने आजाद आलम की निशानदेही पर दुहाटांड़ निवासी 29 वर्षीय जग्गू पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाया गया था और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और चोरी की अन्य घटनाओं से उनके संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने एक देशी कट्टा, 3.15 एमएम का एक जिंदा कारतूस, सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल संख्या JH10-BB9690 और हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या JH10-BS8371 बरामद की है।
छापेमारी दल में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली, पुलिस अवर निरीक्षक पवन कुमार रवि, प्रवीण सिंह चौधरी, राजेश कुमार लोहरा, सहायक अवर निरीक्षक रमेश पासवान, धनसार थाना के सीटी डाक्स तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
धनसार थाना पुलिस गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान चोरी और हथियार से जुड़े अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है।