धनबाद में तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में मारपीट, डंडे से हमला करने का आरोप
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: भाजपा की ओर से गुरुवार को धनबाद में निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान पार्टी के दो कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना जिला परिषद मैदान से यात्रा शुरू होने के दौरान हुई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों कार्यकर्ता आपस में हाथापाई करते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, तिरंगा यात्रा जिला परिषद मैदान से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक होते हुए सिटी सेंटर तक पहुंची। यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय कर रहे थे। यात्रा शुरू होने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता अमरजीत कुमार और रीता यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया।

अमरजीत कुमार का आरोप है कि रीता यादव ने उनसे कहा कि उनके कहने पर ही रैली निकाली गई है। इसी बात को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई। अमरजीत के अनुसार, उन्होंने रीता यादव से भाषा सुधारकर बात करने को कहा और स्पष्ट किया कि तिरंगा यात्रा भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में निकाली जा रही है। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।
अमरजीत ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई और डंडे से हमला करने का प्रयास किया गया। वहीं, घटना के दौरान मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया।
मारपीट के बावजूद तिरंगा यात्रा अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ती रही। घटना के बाद पार्टी के भीतर भी मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
जिलाध्यक्ष ने कहा- जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह
मामले पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बीच कभी-कभी छोटी-मोटी कहासुनी या ऊंच-नीच हो जाती है। दोनों पक्षों को समझा दिया गया है। उन्होंने कहा कि विवाद किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल, तिरंगा यात्रा के दौरान हुई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पार्टी स्तर पर मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।