सदर अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार, आयुष्मान वार्ड और RBSK कैंप का उद्घाटन

सदर अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार, आयुष्मान वार्ड और RBSK कैंप का उद्घाटन

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का गंभीर इलाज और सर्जरी होगी मुफ्त, DC आदित्य रंजन और DDC सनी राज ने किया निरीक्षण

धनबाद: सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में बुधवार को कई नई सुविधाओं की शुरुआत की गई। धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन और उप विकास आयुक्त सनी राज ने संयुक्त रूप से अस्पताल परिसर में मॉड्यूलर आयुष्मान वार्ड, पार्किंग शेड और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के विशेष जांच शिविर का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

11 से 22 अगस्त तक चलेगा विशेष RBSK कैंप

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि 11 से 22 अगस्त तक 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए विशेष RBSK कैंप आयोजित किया जा रहा है। शिविर में जन्मजात बीमारियों, हृदय रोग, आंख, कान, हाथ-पैर और दांतों से संबंधित समस्याओं से पीड़ित बच्चों की जांच की जाएगी।

जरूरत के अनुसार बच्चों का इलाज और सर्जरी पूरी तरह मुफ्त कराई जाएगी। प्रशासन के अनुसार पिछले 3 से 4 महीनों में RBSK टीम ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में लगभग 700 बच्चों की स्क्रीनिंग की है। इन बच्चों को चरणबद्ध तरीके से उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

GAPs सॉफ्टवेयर से होगी बच्चों की ट्रैकिंग

बच्चों के इलाज की प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी रखने के लिए GAPs सॉफ्टवेयर के माध्यम से उनकी ट्रैकिंग की जा रही है। बच्चे के पूरी तरह स्वस्थ होने तक उसकी उपचार स्थिति पर नजर रखी जाएगी।

प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक सर्जरी सदर अस्पताल में ही कराई जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को दूसरे अस्पतालों का चक्कर न लगाना पड़े।

सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा करने की अपील

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि पिछले एक वर्ष में सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों के चेहरों पर दिख रहा संतोष मेडिकल टीम और कर्मचारियों की सेवा भावना का प्रमाण है।

उन्होंने जिलेवासियों से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा करने की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन सीएचसी, पीएचसी और सदर अस्पताल स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

About Author

error: Content is protected !!