14 दिनों की रिमांड पूरी, मिसिर बेसरा समेत तीन हार्डकोर नक्सली जेल भेजे गए

धनबाद: 14 दिनों की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद भाकपा माओवादी के पोलित ब्यूरो सदस्य और 2 करोड़ 20 लाख रुपये के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा समेत तीन हार्डकोर नक्सलियों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। तीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच धनबाद लाया गया। इसके बाद सदर अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच कराई गई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को पुलिस रिमांड मिलने के बाद मिसिर बेसरा समेत तीनों नक्सलियों को कड़ी सुरक्षा के बीच रांची ले जाया गया था। वहां करीब 11 दिनों तक NIA, IB और झारखंड पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्तर पर उनसे पूछताछ की।
माओवादी नेटवर्क और फंडिंग को लेकर पूछताछ
पूछताछ के दौरान जांच एजेंसियों ने माओवादी संगठन के नेटवर्क, फंडिंग, हथियारों की सप्लाई और संगठन से जुड़े सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। संगठन की गतिविधियों और उसके सहयोगी नेटवर्क से जुड़े कई बिंदुओं पर भी पूछताछ की गई।

धनबाद लाए गए नक्सलियों में भाकपा माओवादी के पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा उर्फ सागर उर्फ भास्कर उर्फ सुनिर्मल शामिल हैं। उन पर 2 करोड़ 20 लाख रुपये का इनाम घोषित है।
इसके अलावा 15 लाख रुपये के इनामी मेहनत उर्फ मोछू उर्फ विभीषण तथा गौरव उर्फ वीरेंद्र हांसदा उर्फ सौरभ को भी न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
सदर अस्पताल में हुई मेडिकल जांच
धनबाद पहुंचने के बाद तीनों नक्सलियों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनकी मेडिकल जांच की। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल और आसपास के इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
मेडिकल जांच पूरी होने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारियां जांच के अगले चरण में महत्वपूर्ण हो सकती हैं। जांच एजेंसियां माओवादी नेटवर्क, फंडिंग और संगठन से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल आगे भी जारी रखेंगी।