धर्माबांध में CISF की बड़ी कार्रवाई, 41 टन कोयला बरामद; कोयला चोरी के नेटवर्क पर उठे सवाल

धर्माबांध: धर्माबांध ओपी क्षेत्र से कोयला बरामदगी की बड़ी खबर सामने आई है। आम बगान बस्ती एवं GRS साइडिंग के पास CISF की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 41 टन कोयला बरामद किया है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बरामद कोयले को लेकर संबंधित विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, साइडिंग से कथित तौर पर कोयला उठाकर ट्रैक्टर और हाइवा के जरिए दूसरे स्थानों पर ले जाने की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं। ऐसे में CISF की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर कोयला चोरी और अवैध परिवहन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

वहीं, छाताबाद और आसपास के इलाकों में लगातार भू-धंसान जैसी घटनाओं के बीच कोयला चोरी के आरोपों का सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की जरूरत है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस पूरे मामले के पीछे कोई संगठित गिरोह या सिंडिकेट सक्रिय है? यदि ऐसी गतिविधियां लंबे समय से चल रही थीं, तो संबंधित एजेंसियों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
हालांकि, स्थानीय प्रशासन, पुलिस की मिलीभगत या किसी व्यक्ति की संलिप्तता की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। CISF की कार्रवाई के बाद जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और बरामद कोयले का स्रोत क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
फिलहाल करीब 41 टन कोयला बरामदगी के बाद इलाके में चर्चा तेज है। अब लोगों की नजर इस मामले में होने वाली आगे की कार्रवाई और जांच के संभावित खुलासों पर टिकी है।
बाघमारा से सुल्तान खान की रिपोर्ट।